छत्तीसगढ़

सांसद महेश कश्यप की पहल का असर, LPG सिलेंडर बुकिंग की 45 दिन की बाध्यता खत्म

अब 25 दिन में बुक होगी घरेलू गैस रिफिल, बस्तर-दंतेवाड़ा के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत

जगदलपुर 8 सितंबर 2026

घरेलू एलपीजी सिलेंडर की रिफिल बुकिंग को लेकर उपभोक्ताओं की लंबे समय से चली आ रही परेशानी अब दूर होने जा रही है। बस्तर सांसद महेश कश्यप की पहल के बाद घरेलू एलपीजी रिफिल की बुकिंग के लिए निर्धारित 45 दिनों के अंतर को घटाकर 25 दिन किए जाने का निर्णय लिया गया है। इससे बस्तर सहित ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के एलपीजी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

जानकारी के अनुसार, दंतेवाड़ा जिले के घरेलू गैस उपभोक्ताओं ने सांसद महेश कश्यप से रिफिल बुकिंग के लिए निर्धारित 45 दिनों की अवधि को घटाकर 25 दिन करने की मांग की थी। उपभोक्ताओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने अगस्त 2026 में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर व्यवस्था में आवश्यक सुधार की मांग की थी।

सांसद की पहल के बाद केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम को घरेलू एलपीजी रिफिल की बुकिंग के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से 25 दिनों का अंतर निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू किए जाने की बात कही गई है।

45 दिन की बाध्यता से उपभोक्ताओं को होती थी परेशानी

सांसद महेश कश्यप ने अपने पत्र में बताया था कि बस्तर लोकसभा क्षेत्र के कई परिवारों में घरेलू गैस सिलेंडर 25 से 30 दिनों के भीतर ही समाप्त हो जाता है। ऐसी स्थिति में 45 दिनों की बुकिंग अवधि की बाध्यता के कारण उपभोक्ताओं को सिलेंडर खत्म होने के बाद कई दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसका असर विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के परिवारों पर पड़ रहा था।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि दंतेवाड़ा सहित पूरे बस्तर क्षेत्र के लोगों की सुविधा और उनकी वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार के समक्ष एलपीजी बुकिंग की अवधि घटाने की मांग रखी गई थी। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लिए 25 दिनों का समान अंतर लागू करने का निर्णय स्वागत योग्य है। इससे दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को विशेष रूप से राहत मिलेगी।

उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार आम नागरिकों की सुविधाओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं में लगातार सुधार कर रही है।

एलपीजी रिफिल बुकिंग की अवधि 45 दिन से घटाकर 25 दिन किए जाने से अब उन परिवारों को राहत मिलेगी, जिनका सिलेंडर एक महीने से पहले ही समाप्त हो जाता है। खासकर बस्तर के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में रहने वाले उपभोक्ताओं के लिए यह बदलाव सुविधा बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है। सांसद महेश कश्यप ने इसे जनता की समस्या को सरकार तक पहुंचाकर उसके समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar