छत्तीसगढ़

बालोद में पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक, लाइब्रेरी से लौट रही 22 वर्षीय छात्रा गंभीर झुलसी, रायपुर रेफर

बालोद, 5 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 22 वर्षीय छात्रा पर एसिड अटैक का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा आमापारा लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी, तभी PWD कॉलोनी में एक युवक ने उस पर एसिड डाल दिया। हमले में छात्रा का चेहरा, दाहिना हिस्सा और आंख के आसपास का क्षेत्र बुरी तरह झुलस गया।

घटना बालोद थाना क्षेत्र में आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने हुई। एसिड पड़ते ही छात्रा तेज जलन के कारण चिल्लाने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, छात्रा ने MA की पढ़ाई पूरी कर ली है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि पीड़िता बालोद शहर में पदस्थ एक पुलिसकर्मी की बेटी है।

वारदात के बाद पैदल भागा आरोपी

एसिड अटैक के बाद आरोपी युवक पैदल ही आमापारा केनाल की ओर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही टीआई, एसपी और एएसपी समेत पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस मामले की जांच करते हुए हमले की वजह और आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए एसिड के बारे में जानकारी जुटा रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar