छत्तीसगढ़जगदलपुर

बाढ़ की स्थिति पर सांसद महेश कश्यप ने छह जिलों के कलेक्टरों से की चर्चा, राहत-बचाव की तैयारियों के दिए निर्देश

जगदलपुर,25 सितंबर 2026

बस्तर लोकसभा क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सुकमा और कोंडागांव जिलों के कलेक्टरों से दूरभाष के माध्यम से चर्चा कर बारिश और बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली।

सांसद ने जिलों के बाढ़ प्रभावित एवं संभावित प्रभावित क्षेत्रों, जलभराव और प्रशासन की तैयारियों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने तत्काल राहत शिविर चिन्हांकित करने, जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए टीमों का गठन करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासनिक अमले को अलर्ट रखने को कहा।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में आमजन को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ और अतिवृष्टि की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता शीघ्र पहुंचाई जाए।

सांसद ने आमजन से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थान पर रहें। नदी, नाले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। किसी भी परेशानी, आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित राहत-बचाव दल से संपर्क करें।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar