बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शामिल होने जगदलपुर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, एयरपोर्ट पर हुआ आत्मीय स्वागत

जगदलपुर, 23 अक्टूबर 2026
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के बस्तर आगमन पर जगदलपुर स्थित माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट में उनका आत्मीय एवं गरिमामय स्वागत किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सहित उप मुख्यमंत्री, मंत्रीगण एवं जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
राष्ट्रपति के आगमन पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, बस्तर सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष श्री महेश कश्यप, कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग और महापौर श्री संजय पांडेय सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक बस्तर दशहरा महोत्सव के महत्वपूर्ण आयोजन मुरिया दरबार में शामिल होने जगदलपुर पहुंचीं। उनका यह प्रवास बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के लिहाज से विशेष महत्व रखता है।
उल्लेखनीय है कि बस्तर दशहरा अपनी अनूठी परंपराओं, जनजातीय आस्था और सांस्कृतिक विशिष्टता के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। इस महोत्सव का महत्वपूर्ण हिस्सा मुरिया दरबार ऐतिहासिक रूप से जनसंवाद और सामुदायिक सहभागिता का प्रतीक रहा है।
राष्ट्रपति की इस आयोजन में सहभागिता से बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और गौरव मिलने की उम्मीद है।



