छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

बस्तर की बड़ी खबरें: बाजारों में खरीदारी का उत्साह, शराब तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, सड़क हादसे में दो की मौत

जगदलपुर, 7 नवम्बर 2026

बस्तर संभाग में धनतेरस से लेकर दीपावली तक बाजारों में रौनक रही। वहीं रेल सेवा, राजस्व व्यवस्था, अवैध शराब तस्करी और सड़क हादसों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण खबरें सामने आई हैं। पढ़िए बस्तर संभाग की प्रमुख खबरें।

धनतेरस पर बस्तर के बाजारों में 110 करोड़ का कारोबार

धनतेरस पर बस्तर के बाजारों में महंगाई के बावजूद खरीदारी का उत्साह देखने को मिला। सुबह से देर शाम तक दुकानों में ग्राहकों की भीड़ रही। अनुमान के मुताबिक जिलेभर में करीब 100 से 110 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। सराफा बाजार में 20 से 50 हजार रुपये तक के आभूषणों की सबसे ज्यादा मांग रही। कपड़ा कारोबार 20 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया, जबकि मोबाइल बिक्री में करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। ऑटोमोबाइल सेक्टर में करीब एक हजार दोपहिया और चारपहिया वाहन बिके। यहां 30 से 40 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। हालांकि, किसानों की रैली के कारण शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।

पटाखा दुकानों में सुरक्षा की अनदेखी, निरीक्षण में मिलीं कई खामियां

कोंडागांव। दीपावली के मद्देनजर नगर के स्टेडियम ग्राउंड में एसडीएम दिलीप उइके ने पटाखा दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई दुकानों में गंभीर सुरक्षा खामियां सामने आईं। कुछ दुकानदारों के पास फायर सेफ्टी किट नहीं मिली, जबकि कई लाइसेंस भी नहीं दिखा सके। कुछ दुकानों में डस्टबिन की व्यवस्था नहीं थी और एक दुकान के सामने नो पार्किंग की स्थिति मिली। एसडीएम ने संबंधित दुकानदारों पर जुर्माना लगाया और दोबारा लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही नगर पंचायत और पुलिस को पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने तथा मुख्य प्रवेश मार्ग पर बैरियर लगाने के निर्देश दिए।

पुलिस पकड़ रही शराब तस्कर, गांवों तक कैसे पहुंच रही अंग्रेजी शराब?

सुकमा। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आगाज के तहत छिंदगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 99.640 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ शराब परिवहन में इस्तेमाल दो चारपहिया वाहन भी जब्त किए।

पहली कार्रवाई 3 नवंबर को एनएच-30 पर हुई, जहां मारुति ईको से 48.740 बल्क लीटर शराब बरामद की गई। इस मामले में आंध्र प्रदेश निवासी शेख चिन्ना को गिरफ्तार किया गया। दूसरी कार्रवाई 6 नवंबर की रात छिंदगढ़ बस स्टैंड चौक के पास हुई, जहां स्कॉर्पियो से 50.900 बल्क लीटर शराब मिली। पुलिस ने छिंदगढ़ निवासी लच्छू राम बातिंग को गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में कुल जब्ती का मूल्य 5 लाख 49 हजार 760 रुपये बताया गया है। पुलिस अब शराब के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।

पटवारियों की बेमियादी हड़ताल, जमीन से जुड़े कामकाज पर मंडराया संकट

बीजापुर। भोपालपट्टनम तहसील में छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के आह्वान पर पटवारी अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इससे नामांतरण, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों में सुधार जैसे महत्वपूर्ण काम प्रभावित होने की आशंका है।

पटवारियों ने पीवी ऐप में किए जा रहे कार्यों के बहिष्कार का निर्णय लिया है। इसके अलावा निलंबन और स्थानांतरण की कार्रवाई बिना शर्त वापस लेने, वेतन विसंगति दूर करने और राजस्व निरीक्षक के पद पर विभागीय पदोन्नति की मांग उठाई है। संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

एर्राबोर में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, नाबालिग समेत दो की मौत

सुकमा। जिले में एर्राबोर से करीब दो किलोमीटर आगे सागौन प्लांटेशन के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 15 वर्षीय चंद्रशेखर रेड्डी और आंध्र प्रदेश निवासी जोगा की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार जोगा अपने तीन साथियों के साथ बाइक से आरगट्टा की ओर जा रहा था। इसी दौरान चंद्रशेखर रेड्डी दूसरी बाइक से सुकमा की ओर से अपने गांव लौट रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि जोगा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चंद्रशेखर ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में 14 वर्षीय सोयम विनोद और ताती सुनील गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को बेहतर इलाज के लिए सुकमा जिला अस्पताल रेफर किया गया।

43 दिन बाद पटरी पर लौटी नाइट एक्सप्रेस, यात्रियों को अब भी राहत का इंतजार

जगदलपुर। केके रेललाइन पर भूस्खलन के कारण बाधित रेल सेवाएं बहाल होने लगी हैं। किरंदुल से विशाखापट्टनम जाने वाली नाइट एक्सप्रेस 43 दिनों बाद फिर पटरी पर लौट आई है। 25 सितंबर को मल्लीगुड़ा और जरति स्टेशन के बीच भूस्खलन के कारण रेल परिचालन प्रभावित हुआ था।

गुरुवार को ट्रेन दोबारा शुरू हुई, लेकिन प्रचार-प्रसार की कमी के चलते जनरल डिब्बे में केवल 20 यात्रियों ने टिकट लेकर सफर किया। दूसरी ओर विशाखापट्टनम से किरंदुल आने वाली पैसेंजर ट्रेन लगातार देरी से पहुंच रही है। गुरुवार को भी ट्रेन करीब तीन घंटे विलंब से आई। यात्रियों को अब नियमित और समयबद्ध रेल परिचालन की उम्मीद है।

बाफना लाइफस्टाइल प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग, चेंबर ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

जगदलपुर। बाफना लाइफस्टाइल से जुड़े संवेदनशील प्रकरण में निष्पक्ष जांच और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने आईजी, एसपी और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।

चेंबर ने मामले की जांच जल्द पूरी करने और पीड़िता व उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी ठहराना या किसी परिवार की सामाजिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है।

ज्ञापन में सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक नैरेटिव फैलाने और बाफना परिवार की छवि धूमिल करने के प्रयासों की भी जांच एसआईटी के माध्यम से कराने की मांग की गई है। इस दौरान अध्यक्ष श्याम सोनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विमल बोथरा, महामंत्री नवरत्न जालान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar