
नारायणपुर, 16 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी का उत्साहपूर्ण आगाज हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर से नारायणपुर जिले के सभी 19 धान उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू की गई। पहले दिन अपनी उपज लेकर पहुंचे किसानों का फूल भेंटकर आत्मीय स्वागत और सम्मान किया गया। राज्य शासन द्वारा किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है।
धान खरीदी के पहले दिन जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नारायणपुर उपार्जन केंद्र में किसान हितेंद्र पिता यज्ञनाथ, एड़का केंद्र में किसान फागुराम, बेनूर केंद्र में किसान नारायण पिता मेहतर और रितेश पिता बालसिंह तथा गढ़बेंगाल केंद्र में किसान श्रीमती शशि बाई मानिकपुरी ने अपनी उपज का विक्रय किया। इस दौरान सभी किसानों का पुष्प भेंटकर सम्मान किया गया।
दो नए धान खरीदी केंद्र खुलने से किसानों को राहत
किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए नारायणपुर जिले में इस वर्ष दो नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। हलामीमुंजमेटा और तारागांव में नए केंद्र खुलने से जिले में उपार्जन केंद्रों की संख्या 17 से बढ़कर 19 हो गई है। इससे दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही परिवहन खर्च, समय और श्रम की बचत भी होगी।
जिले में वर्तमान में 10 हजार 686 किसान पंजीकृत हैं, जिनका कुल पंजीकृत रकबा 13 हजार 63.08 हेक्टेयर है। कलेक्टर के निर्देशानुसार सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा और सुचारु खरीदी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
ऑनलाइन और ऑफलाइन टोकन की सुविधा, घर बैठे कर सकेंगे आवेदन
धान खरीदी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए किसानों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टोकन प्राप्त करने की सुविधा दी गई है। किसान तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, ऑनलाइन सुविधा का उपयोग नहीं कर पाने वाले किसान संबंधित सहकारी समिति से ऑफलाइन टोकन ले सकते हैं।
टोकन जारी करने की प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इस व्यवस्था से किसानों को धान विक्रय की निर्धारित तारीख की जानकारी पहले ही मिल सकेगी। साथ ही उपार्जन केंद्रों में अनावश्यक भीड़ कम होगी और खरीदी प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संचालित की जा सकेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले में धान खरीदी 31 जनवरी 2027 तक जारी रहेगी।
साफ और सूखा धान लाने की किसानों से अपील
जिला प्रशासन द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की सुचारु व्यवस्था और किसानों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि और टोकन के अनुसार ही उपार्जन केंद्र पहुंचें। साथ ही गुणवत्ता परीक्षण और खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए अच्छी तरह साफ और सूखा धान लेकर आएं।
नारायणपुर जैसे जनजातीय बहुल जिले में दो नए धान खरीदी केंद्रों की शुरुआत और डिजिटल टोकन व्यवस्था से किसानों को अपनी उपज बेचने में बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी।




