छत्तीसगढ़ में स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों पर होगी भर्ती, सितंबर में शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन

रायपुर,10 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया है। इन पदों पर योग्य उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
भर्ती प्रक्रिया संविदा आधार पर होगी। जारी विज्ञापन के अनुसार नियुक्ति की प्रक्रिया संबंधित जिले में गठित प्रबंधन एवं संचालन समिति, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के माध्यम से की जाएगी।
कंप्यूटर आधारित परीक्षा से होगी भर्ती
भर्ती में व्याख्याता, शिक्षक, प्रधानपाठक, सहायक शिक्षक समेत विभिन्न पद शामिल हैं। विभाग के अनुसार इन पदों पर चयन के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की जाएगी। परीक्षा का माध्यम अंग्रेजी होगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, परीक्षा योजना, पाठ्यक्रम, आरक्षण और अन्य आवश्यक निर्देशों की विस्तृत जानकारी ऑनलाइन भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी।
सितंबर में जारी होगा आवेदन लिंक
स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर सितंबर 2026 में ऑनलाइन आवेदन लिंक जारी किया जाएगा। वहीं लिखित भर्ती परीक्षा का आयोजन अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है।
अभ्यर्थियों को भर्ती से जुड़ी नवीनतम जानकारी के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट eduportal.cg.nic.in का नियमित रूप से अवलोकन करने की सलाह दी गई है। विभाग ने यह भी बताया है कि रिक्त पदों की संख्या परिवर्तनशील हो सकती है।
किस पद पर कितनी भर्ती?
- व्याख्याता हिंदी – 51
- व्याख्याता अंग्रेजी – 65
- व्याख्याता संस्कृत – 47
- व्याख्याता भूगोल/अर्थशास्त्र – 5
- व्याख्याता इतिहास/राजनीति – 6
- व्याख्याता सामाजिक विज्ञान – 52
- व्याख्याता गणित – 49
- व्याख्याता जीव विज्ञान – 39
- व्याख्याता वाणिज्य – 104
- व्याख्याता रसायन – 44
- व्याख्याता भौतिक – 53
- प्रधान पाठक प्राथमिक शाला – 27
- प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला – 24
- सहायक शिक्षक – 590
- शिक्षक हिंदी/संस्कृत – 34
- शिक्षक अंग्रेजी – 106
- शिक्षक कला – 72
- शिक्षक विज्ञान – 56
- शिक्षक गणित – 68
- व्यायाम शिक्षक – 50
- ग्रंथपाल – 60
- शिक्षक कंप्यूटर – 40
- प्रयोगशाला सहायक – 170
कुल पद – 1812




