
जगदलपुर, 7 अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जगदलपुर के धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना। इस दौरान वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा बस्तर के बदलते स्वरूप को रेखांकित किया।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास से ही विकसित भारत की परिकल्पना साकार होगी। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था और अब उनकी जनसेवा के 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं।
मंत्री ने बस्तर में नक्सलवाद के प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा और सकारात्मक वातावरण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, पीएम आवास और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं से लोगों को मिल रहे लाभों की जानकारी दी।
उन्होंने आगामी बस्तर ओलंपिक की तैयारियों का भी उल्लेख किया। पिछले वर्ष 3 लाख 91 हजार से अधिक युवाओं ने इसमें भाग लिया था, जबकि इस वर्ष 10 लाख से अधिक पंजीकरण का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से युवाओं का मार्गदर्शन करने का आह्वान किया।
इसके बाद केदार कश्यप के नेतृत्व में विशाल बाइक रैली निकाली गई। रैली में चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप सहित जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों ने भाग लिया। सैकड़ों दोपहिया वाहनों का काफिला क्रीड़ा परिसर से शुरू होकर यूनिवर्सिटी चौक, अनुपमा चौक, अग्रसेन चौक और मिताली चौक होते हुए शहीद पार्क पहुंचा।
शहीद पार्क से रैली पदयात्रा में बदल गई। वन मंत्री, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने शहीदों को नमन करते हुए पैदल मार्च किया और माड़िया चौक पहुंचे।
माड़िया चौक पहुंचने पर इस प्रमुख चौराहे का औपचारिक रूप से ‘विकसित भारत चौक’ नामकरण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संदेश के साथ संपन्न हुई सेवा ज्योति यात्रा ने क्षेत्र में उत्साह का माहौल बनाया।




