छत्तीसगढ़जगदलपुर

महतारी वंदन योजना में बड़ी कार्रवाई, बस्तर में 5925 महिलाओं के नाम हटे; 5600 हितग्राहियों पर भी लटकी तलवार

जगदलपुर,7 सितम्बर 2026

छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना में बस्तर जिले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। महिला एवं बाल विकास विभाग की जांच के बाद जिले में 5925 महिला हितग्राहियों के नाम योजना की सूची से हटा दिए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, हटाए गए नामों में करीब 2000 ऐसे हितग्राही शामिल हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी थी। इसके अलावा कई महिलाओं के दस्तावेजों में गड़बड़ी मिली, जबकि कुछ ऐसी महिलाएं भी योजना का लाभ ले रही थीं जो सरकारी सेवा में कार्यरत थीं। जांच के बाद मृत हितग्राहियों को सूची से हटाया गया है और अपात्र हितग्राहियों को होल्ड में रखा गया है।

मृत हितग्राहियों को जारी हुई राशि की होगी रिकवरी

विभाग के अनुसार कई मामलों में मृत्यु की जानकारी देर से मिलने के कारण हितग्राहियों के खातों में योजना की राशि जारी हो गई थी। अब विभाग द्वारा ऐसी राशि की रिकवरी की जा रही है। अब तक करीब 5 लाख 80 हजार 800 रुपये की वसूली की जा चुकी है।

5600 हितग्राहियों का e-KYC बाकी

बस्तर जिले में अभी करीब 5600 हितग्राहियों ने अपना e-KYC नहीं कराया है। विभाग ने इन हितग्राहियों का सत्यापन तेज कर दिया है। यदि जांच में ये हितग्राही पात्र नहीं पाए जाते हैं या निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं करते हैं, तो इनके नाम भी योजना की सूची से हटाए जा सकते हैं।

हर महीने मिलती है 1000 रुपये की राशि

महतारी वंदन योजना के तहत राज्य सरकार पात्र महिला हितग्राहियों को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता DBT के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजती है। योजना शुरू होने के पहले महीने में बस्तर जिले की करीब 1 लाख 94 हजार महिलाओं को पहली किस्त का लाभ मिला था।

अब विभाग द्वारा योजना में पात्रता और दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है, ताकि वास्तविक पात्र महिलाओं को ही योजना का लाभ मिल सके और अपात्र लोगों को मिलने वाली राशि पर रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar