बिजली बिल बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के खिलाफ सोनारपाल में चक्का जाम, ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन

सोनारपाल,26 अगस्त 2026
बिजली की बढ़ती दरों और प्रीपेड स्मार्ट मीटर के विरोध में भानपुरी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं ग्रामीणों ने सोनारपाल में चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बढ़े हुए बिजली बिल तथा स्मार्ट मीटर के फैसले को वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बिजली की बढ़ती कीमतों ने आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। ग्रामीणों ने सरकार से बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी वापस लेने और स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की।
जनता आर्थिक बोझ से परेशान: श्यामकुमारी ध्रुव
प्रदेश सचिव श्रीमती श्यामकुमारी ध्रुव ने कहा कि लगातार बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के कारण आम जनता पहले से ही आर्थिक बोझ से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं को समझने के बजाय उन पर लगातार अतिरिक्त आर्थिक भार डाल रही है।
उन्होंने कहा कि सोनारपाल के ग्रामीणों का सड़क पर उतरना सरकार की नीतियों के प्रति जनता के आक्रोश का प्रमाण है। कांग्रेस जनता के अधिकार और न्याय की इस लड़ाई में ग्रामीणों के साथ मजबूती से खड़ी है और बढ़ी हुई बिजली दरों एवं स्मार्ट मीटर के फैसले को वापस लेने तक संघर्ष जारी रहेगा।
बिजली आम आदमी की मूलभूत आवश्यकता: जितेंद्र जैन
बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्री जितेंद्र जैन ने कहा कि बिजली आम आदमी की मूलभूत आवश्यकता है, लेकिन लगातार बढ़ती बिजली दरों से उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को सड़क से लेकर विधानसभा तक मजबूती के साथ उठाएगी।
मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा व्यापक
आदिवासी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री बबलू बघेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से ही आर्थिक परेशानियां हैं। ऐसे में बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर का बोझ ग्रामीण जनता पर डालना पूरी तरह जनविरोधी फैसला है।
उन्होंने कहा कि यह केवल कांग्रेस का आंदोलन नहीं, बल्कि आम जनता के हक और अधिकार की लड़ाई है। यदि ग्रामीणों की मांगों को नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
युवा और ग्रामीण एकजुट: निलय कश्यप
युवा नेता श्री निलय कश्यप ने कहा कि युवा और ग्रामीण दोनों इस व्यवस्था के खिलाफ एकजुट हैं। सरकार को जनता की आवाज सुननी होगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल को लेकर ग्रामीणों में लगातार असंतोष बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और इस संघर्ष को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
ग्रामीणों ने बताई अपनी परेशानी
चक्का जाम में शामिल ग्रामीणों ने कहा कि बिजली बिलों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ रहा है। वहीं स्मार्ट मीटर को लेकर भी ग्रामीणों में कई तरह की आशंकाएं बनी हुई हैं।
ग्रामीणों ने मांग की कि बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल वापस लिया जाए, स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर पुनर्विचार किया जाए और आम उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।
प्रदर्शन के दौरान बस्तर ब्लॉक अध्यक्ष श्री गणेश बघेल, तुकाराम पंडा, सुनील देवांगन, वीरेंद्र पांडे, मशू महाराज, मसू, जीवन सेठिया, यशवंत मौर्य, धर्मा पाढ़ी, जईत पटेल, जयंती सोनी, निलेश्वरी, सीमा ध्रुव, यसबती कश्यप, बसंती नायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।



