बस्तर पुलिस की कार्रवाई: दो साल से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश

बस्तर, 22 सितंबर 2026
पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर जिले में लंबित स्थायी वारंटों की तामिली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना बस्तर पुलिस ने करीब दो वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु कुमार टांक (39 वर्ष), पिता दिनेश कुमार टांक, निवासी वार्ड नंबर 05, ग्राम कोलचुर परचनपाल, थाना बस्तर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी न्यायालय जगदलपुर से प्रकरण क्रमांक 196/2018 और परिवाद प्रकरण क्रमांक 57/2020 में धारा 138 एनआई एक्ट के तहत स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लगातार करीब दो वर्षों से फरार चल रहा था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के दिशा-निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में उसकी तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 22 सितंबर 2026 को थाना प्रभारी बस्तर निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम रवाना की गई। टीम ने आरोपी हिमांशु कुमार टांक को गिरफ्तार कर लिया और उसे माननीय न्यायालय जगदलपुर के समक्ष पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह, उप निरीक्षक अरूण कुमार सिन्हा, प्रधान आरक्षक ओंकार नाथ पात्र और आरक्षक सुरेश कुमार बघेल का विशेष योगदान रहा।




