छत्तीसगढ़दंतेवाड़ा

दन्तेवाड़ा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दिए जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश

रायपुर, 11 सितंबर 2026

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज दन्तेवाड़ा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी स्वरूप देने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के कार्यक्रम केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि जनपद, तहसील, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी रूप से आयोजित किए जाएं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्वसहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

विभिन्न गतिविधियों का होगा आयोजन

श्री साव ने विभागवार तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी कार्यक्रमों का समयबद्ध क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सेवा की कहानी’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘जल जन सेवा संकल्प’ और ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इसके अलावा विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं, आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण जागरूकता कार्यक्रम तथा स्वच्छता एवं जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

दिनवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार

कलेक्टर श्री देवेश ध्रुव ने जिले में अभियान की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों के माध्यम से दिनवार और तिथिवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने सभी विभागों के साथ नियमित समीक्षा कर तैयारियों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल शासकीय कार्यक्रमों की श्रृंखला न होकर सेवा, समर्पण और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने का अवसर बने।

समीक्षा बैठक में डीएफओ श्री रामाकृष्ण रंगानाथा वाय., अपर कलेक्टर श्री राजेश पात्र सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar