छत्तीसगढ़

जंगल में अवैध कटाई की जांच करने पहुंचे डिप्टी रेंजर से मारपीट, ग्रामीण ने थप्पड़ मारकर फाड़ी वर्दी, आरोपी गिरफ्तार

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही,18 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध पेड़ों की कटाई की जांच करने पहुंचे वन विभाग के डिप्टी रेंजर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। जांच के दौरान एक ग्रामीण ने कथित तौर पर वन अधिकारी के साथ गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मार दिया और उनकी वर्दी फाड़ दी। इस घटना में डिप्टी रेंजर की गर्दन पर चोट आई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

अवैध पेड़ों की कटाई की जांच करने पहुंचे थे डिप्टी रेंजर

मामला गौरेला थाना क्षेत्र के अंधियारखोह वन परिसर का है। जानकारी के मुताबिक, डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे को सेमरहा गांव में सेमल प्रजाति के पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना मिली थी। इसके बाद वे वन प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ मौके पर जांच करने पहुंचे। वहां उन्होंने निरीक्षण के साथ फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की।

जांच के बाद लौटते समय ग्रामीण ने किया हमला

बताया जा रहा है कि जांच पूरी करने के बाद जब डिप्टी रेंजर वापस लौट रहे थे, तभी ग्रामीण रुद्र प्रसाद मांझी (43) वहां पहुंच गया। उसने जांच कार्रवाई का विरोध करते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि ग्रामीण ने वन अधिकारी के साथ गाली-गलौज की और जातिसूचक अपशब्द कहे।

इसके बाद आरोपी ने डिप्टी रेंजर का हाथ और गर्दन पकड़कर मारपीट की। इस दौरान उनकी वर्दी के बटन टूट गए और गर्दन पर खरोंच आई। डिप्टी रेंजर ने घटना का वीडियो भी बनाया। वीडियो में बचाव के दौरान अधिकारी द्वारा ग्रामीण को थप्पड़ मारते हुए भी देखा जा रहा है।

वन विभाग की जमीन पर कब्जे का आरोप

जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने वन विभाग की जमीन पर कब्जा कर रखा है। इसी वजह से वह जांच कार्रवाई का विरोध कर रहा था। हालांकि, जमीन पर कब्जे से जुड़े आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

SC-ST एक्ट समेत इन धाराओं में मामला दर्ज

घटना के बाद डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे ने गौरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 121(1), 132 और एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध) और 3(2)(va) के तहत अपराध दर्ज किया है।

16 नवंबर को आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनोज कुमार खिलारी ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए और साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने पूछताछ के बाद 16 नवंबर 2026 को आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी उर्फ रुदुर मांझी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट और धमकी का मामला दर्ज हो चुका है। उस मामले में अपराध क्रमांक 297/2026 के तहत चालानी कार्रवाई की गई थी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar