छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बारिश के बीच बिजली का कहर: 4 लोगों की मौत और 2 घायल; आज कई जिलों में 60 किमी की रफ्तार से आंधी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून के बीच बारिश और आंधी का दौर जारी है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2 महिलाएं घायल हुई हैं। मौसम विभाग ने 24 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

रायपुर समेत करीब 15 जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।

बालोद, कांकेर और बेमेतरा में बिजली गिरने से मौत

बालोद जिले में खेत में काम कर रही अनुसुइया बाई (40) की बिजली गिरने से मौत हो गई। हादसे में दो अन्य महिलाएं भी झुलस गईं, जिनका इलाज जारी है।

कांकेर जिले में खेत में काम करने के दौरान पेड़ के नीचे बैठे एक किसान की बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं बेमेतरा जिले में तालाब के पास पेड़ के नीचे खड़े दो मजदूर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौत हो गई।

इन जिलों में 40-60 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा

कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली के कुछ हिस्सों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने का भी अलर्ट है।

वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, कोरबा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही समेत कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

24-25 सितंबर को मध्य छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से 24 सितंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं मध्य छत्तीसगढ़ में 24 और 25 सितंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं।

रायपुर में 10.4 मिमी बारिश

23 सितंबर को रायपुर में 10.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री रहा। शाम के समय हवा की औसत रफ्तार 1 किमी प्रति घंटा और नमी 87% दर्ज की गई।

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान राजनांदगांव में सबसे अधिक 32.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar