छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

कांकेर में 7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा, 500 लोगों की बाइक रैली के साथ होगी पदयात्रा

उत्तर बस्तर कांकेर, 5 अक्टूबर 2026

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 7 अक्टूबर को कांकेर में सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा में बाइक रैली के साथ पदयात्रा भी निकाली जाएगी। बाइक रैली में करीब 500 लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा पदयात्रा में भी बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है।

यात्रा की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कार्यालय में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठक लेकर आयोजन की विस्तृत समीक्षा की और सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सेवा ज्योति यात्रा में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को 7 अक्टूबर को सुबह 8 बजे नया बस स्टैंड के पास स्थित डोम में उपस्थित होने कहा गया है। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होकर सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता निभाने की अपील की।

समीक्षा बैठक के बाद कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ नया बस स्टैंड के पास स्थित डोम में चल रही तैयारियों का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, उपाध्यक्ष श्री उत्तम यादव, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे, एसडीएम कांकेर श्रीमती सरस्वती बंजारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar