छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

राशन दुकान में फर्जी हस्ताक्षर का आरोप: ग्रामीणों ने सचिव पर कार्रवाई की मांग, नए स्वसहायता समूह को संचालन सौंपने की उठाई मांग

जगदलपुर, 3 जुलाई 2026

बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम भड़िसगांव की राशन दुकान को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से राशन वितरण में विवाद बना हुआ है और समूह की पूर्व अध्यक्ष के नाम से कथित फर्जी हस्ताक्षर कर दुकान का संचालन किया जा रहा है।

पूर्व उपसरपंच नरसिंह सोनकर ने आरोप लगाया कि समूह के अधिकांश सदस्यों को हटाए जाने के बावजूद सचिव अकेले राशन दुकान का संचालन कर रही हैं। उनका दावा है कि राशन वितरण से जुड़े दस्तावेजों में भी कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं।

ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत थाना, एसडीएम और कलेक्टर से करते हुए कार्रवाई की मांग की है। इसके लिए अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया है।

वहीं महालक्ष्मी महिला स्वसहायता समूह की पूर्व अध्यक्ष खिरमनी ठाकुर ने भी आरोप लगाया कि उनके नाम से कई वर्षों से फर्जी हस्ताक्षर किए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित सचिव के खिलाफ कार्रवाई करने और राशन दुकान का संचालन किसी नए स्वसहायता समूह को सौंपने की मांग की है।

अपर कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन के साथ ग्राम पंचायत का प्रस्ताव भी संलग्न किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए एसडीएम तोकापाल को भेजा जाएगा। नियमानुसार जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तथा राशन दुकान का संचालन नए समूह को सौंपने पर निर्णय लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar