छत्तीसगढ़जगदलपुर

29 जून से शुरू होगा ‘सहकारिता सप्ताह-2026’, प्रदेशभर में होंगे जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम: केदार कश्यप

जगदलपुर, 27 जून 2026

भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी “सहकारिता सप्ताह-2026” मनाया जाएगा। इसकी जानकारी सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता सप्ताह को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे जनभागीदारी आधारित अभियान के रूप में आयोजित किया जाएगा। प्रदेश के प्रत्येक जिले, विकासखंड और सहकारी समिति स्तर तक कार्यक्रम आयोजित कर किसानों, युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों, दुग्ध उत्पादकों, मत्स्य पालकों, बुनकरों और ग्रामीण उद्यमियों को सहकारिता आंदोलन से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि “सहकार से समृद्धि” केवल एक नारा नहीं, बल्कि राज्य सरकार की कार्यसंस्कृति का आधार है। सरकार का उद्देश्य है कि सहकारिता का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी सहकारी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाए।

मंत्री ने बताया कि प्रदेश की 2573 प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) सहित अन्य सहकारी संस्थाओं में ध्वजारोहण, सदस्यता अभियान, माइक्रो एटीएम, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) एवं रू-पे केसीसी कार्ड वितरण, सहकार दौड़, वृक्षारोपण, मृदा परीक्षण, कृषक संगोष्ठियां तथा एफपीओ और पैक्स की भूमिका पर परिचर्चाएं आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि 3 और 4 जुलाई को रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर, सहकार मेला, अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस समारोह और सहकारी संगोष्ठी का आयोजन होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि इसकी अध्यक्षता सहकारिता मंत्री केदार कश्यप करेंगे। इस दौरान नाबार्ड, एनसीडीसी, एनसीसीएफ, नैफेड, सीएससी, इफको, कृभको और राज्य सहकारी संघ सहित कई राष्ट्रीय संस्थाएं भाग लेंगी।

मंत्री कश्यप ने कहा कि सहकार मेले में सहकारिता से लाभान्वित किसानों, महिला समूहों और ग्रामीण उद्यमियों की सफलता की कहानियां, आधुनिक तकनीक, डिजिटल सेवाएं, मूल्य संवर्धन और बेहतर विपणन मॉडल भी प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि आम नागरिक सहकारिता की वास्तविक ताकत को समझ सकें।

उन्होंने बताया कि 6 जुलाई को भारत सरकार के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री द्वारा विश्व की सबसे बड़ी विकेंद्रीकृत अन्न भंडारण योजना के तहत छत्तीसगढ़ की 9 पैक्स समितियों में गोदाम निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की भंडारण व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

पत्रकार वार्ता के दौरान मंत्री केदार कश्यप ने सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं, डिजिटल पहलों और भविष्य की कार्ययोजना की भी जानकारी साझा की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जगदलपुर जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar