छत्तीसगढ़

गर्मी से राहत नहीं: लू का कहर जारी, लेकिन मौसम बदलेगा; गरज-चमक के साथ हल्की बारिश संभव

रायपुर। प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। एक ओर जहां रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में अगले 2 दिनों तक लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं दूसरी ओर तेज हवाओं और हल्की बारिश की चेतावनी भी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। हालांकि, इससे गर्मी में ज्यादा राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से राजनांदगांव सबसे गर्म बना हुआ है, जहां तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री दर्ज किया गया।

राजधानी रायपुर में भी आज गर्म रात और हीट वेव जैसी स्थिति बनी रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री के आसपास रह सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश से ओडिशा तक सक्रिय ट्रफ लाइन का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है। इसके चलते अगले 5 दिनों तक प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।

अगले 2 दिन का असर प्रदेश में कहीं-कहीं तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है, लेकिन लू का प्रभाव लगातार बना रहेगा। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और गर्मी से बचाव करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar