
जगदलपुर, 4 अगस्त 2026
कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, विभागीय कार्यों और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को लंबित कार्यों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की जनपदवार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही जन औषधि केन्द्र, जनगणना, भूमि उपलब्धता तथा खाद-बीज उठाव की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने ‘बस्तर मुन्ने’ सर्वे के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए सूचकांकों में सुधार के लिए विभागीय समन्वय से कार्य करने को कहा। वहीं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पात्र हितग्राहियों का सर्वे कर चिन्हांकन करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, वन अधिकार पट्टा, किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सभी संबंधित सर्वे कार्य अगले सप्ताह तक पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा आयुष्मान कार्ड, जनधन खाते, श्रमिक पंजीयन तथा जन्म, जाति, निवास और विवाह प्रमाण पत्रों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। राजस्व विभाग और नगर निगम को संयुक्त रूप से नक्शा बंटांकन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी एसडीएम को अलर्ट मोड में रहने और आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में गौधाम योजना, मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन तथा अगस्त माह से सभी शासकीय संस्थानों में प्रीपेड विद्युत बिल प्रणाली लागू करने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
बैठक के अंत में 15 अगस्त को आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा और सद्भावना दौड़ की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही 10 अगस्त को आयोजित राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




