
कांकेर, 14 जून 2026
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को सर्चिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के टेकमीटोला के जंगल और पहाड़ी इलाके में संयुक्त सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान जवानों ने 5 किलो वजनी प्रेशर कुकर IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस, BSF और BDS टीम संयुक्त रूप से नक्सल प्रभावित इलाके में सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों को संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसकी जांच करने पर वह प्रेशर कुकर IED निकला।
IED मिलने की सूचना तत्काल बम निरोधक दस्ते (BDS) को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाते हुए तकनीकी सहायता से विस्फोटक को नियंत्रित ब्लास्ट कर सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों की सक्रियता से नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सघन सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।




