छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

श्री ओंकारेश्वर मंदिर में पांच दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ

,,काया शुद्धि व दीक्षाग्रहण पूजन के साथ निकली भव्य कलश यात्रा, भक्तिमय हुआ शहर,,

जगदलपुर। शहर के मैत्री संघ मार्ग स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिविधान के साथ श्रद्धा और आस्था के वातावरण में हुआ। महोत्सव के प्रथम दिवस मंदिर परिसर में निर्मित यज्ञशाला में प्रातः काया शुद्धि एवं दीक्षाग्रहण पूजन संपन्न कराया गया, जिसमें आचार्यों द्वारा विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं को धार्मिक अनुष्ठानों में दीक्षित किया गया।
काया शुद्धि व दीक्षाग्रहण पूजन के पश्चात महादेव घाट में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ कलश पूजन किया गया। इसके बाद महिलाओं एवं श्रद्धालुओं द्वारा सिर पर कलश धारण कर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भव्य कलश यात्रा निकाली गई। भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ निकली इस यात्रा के दौरान पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। कलश यात्रा का समापन पुनः श्री ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में हुआ।
इस अवसर पर श्री ओंकारेश्वर मंदिर के अध्यक्ष एवं महापौर संजय पाण्डेय ने कहा कि प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में संस्कार, एकता और सकारात्मक ऊर्जा के संचार का माध्यम है। उन्होंने मंदिर समिति को आयोजन की सफलता के लिए बधाई देते हुए नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि श्री ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान की प्राण-प्रतिष्ठा का यह पावन आयोजन 3 फरवरी से प्रारंभ होकर 7 फरवरी तक चलेगा। पांच दिवसीय महोत्सव के दौरान प्रतिदिन हवन, अभिषेक, भजन-कीर्तन, प्रवचन एवं विशेष पूजन जैसे विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिर समिति के अनुसार 6 फरवरी शुक्रवार को मुख्य प्राण-प्रतिष्ठा विधि संपन्न होगी।

महोत्सव के अंतिम दिन 7 फरवरी को महाप्रसाद वितरण के साथ इस भव्य धार्मिक आयोजन का समापन किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं, महोत्सव को सफल बनाने में मंदिर समिति, वार्डवासी, शहर के गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar