छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

धान उठाव में तेजी और स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर कलेक्टर का सख्त रुख


जगदलपुर, 31 जनवरी 2026/ जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर कलेक्टर आकाश छिकारा ने शुक्रवार, 30 जनवरी को कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा कक्ष में विस्तृत बैठक ली। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ समय-सीमा के भीतर पात्र हितग्राहियों तक अनिवार्य रूप से पहुँचना चाहिए। समीक्षा की शुरुआत जिले के 78 धान खरीदी केंद्रों से की गई, जहाँ उन्होंने जिन केंद्रों में खरीदी पूर्ण हो चुकी है, वहाँ से तत्काल पूर्णता प्रमाण पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए।
धान उठाव की धीमी गति पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसमें शीघ्रता लाने के निर्देश दिए। साथ ही भारतीय खाद्य निगम एवं नागरिक आपूर्ति निगम में चावल जमा करने की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।
कृषि एवं समाज कल्याण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं एग्री स्टैक पंजीयन की प्रगति पर चर्चा की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में ‘वजन त्योहार’, टेक होम राशन वितरण एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के सुचारू संचालन पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही आंगनवाड़ी भवन निर्माण, बच्चों के आधार सत्यापन तथा पोषण ट्रैकर में शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं वय वंदना योजना की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने हाइपरटेंशन एवं ब्लड शुगर की जांच हेतु विशेष अभियान चलाकर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
शिक्षा एवं अधोसंरचना विकास के अंतर्गत छात्रों की अपार आईडी निर्माण, समग्र शिक्षा योजना के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों तथा छात्रावासों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त जिले में नए मोबाइल टावरों की स्थापना, शहरी क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने बैठक के अंत में सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि जिले का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar