
जगदलपुर,4 अगस्त 2026
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला अध्यक्ष अभिलाष यादव ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश की प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प का सम्मान है।
अभिलाष यादव ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीतते हुए यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, कठोर परिश्रम और अनुशासन के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं और खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री द्वारा 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति की घोषणा से प्रदेश के खिलाड़ियों का उत्साह और बढ़ेगा।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि स्पष्ट लक्ष्य और ईमानदार मेहनत से हर मंजिल हासिल की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार महिलाओं और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही है। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक खिलाड़ियों को ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है।
अभिलाष यादव ने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने शानदार प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का नाम विश्व मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी तथा उनकी सफलता नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।




