BREAKING : बच्चों को जहर देकर पति-पत्नी ने लगाई फांसी! दुर्ग में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत से सनसनी

दुर्ग, 22/05/26। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मोहन नगर थाना क्षेत्र के आर्य नगर स्थित एक मकान में पति-पत्नी की फांसी पर लटकी लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं घर के कमरे में दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े मिले। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45 वर्ष) और उनकी पत्नी चंचल साहू के रूप में हुई है। वहीं उनकी बेटी दृष्णा साहू (13 वर्ष) और बेटे यशांत साहू (10 वर्ष) की भी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्चों को पहले जहरीला पदार्थ या नींद का इंजेक्शन दिया गया, जिसके बाद पति-पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घर को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा सके। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।




