लामकेर में सड़क पर कुत्ता आने से बाइक फिसली, दो युवक घायल; एक की हालत गंभीर, 112 ने पहुंचाया अस्पताल

बस्तर। बस्तर थाना क्षेत्र के ग्राम लामकेर में बुधवार को सड़क पर अचानक कुत्ता आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक बड़े चकवा से काम के सिलसिले में बस्तर जा रहे थे। इसी दौरान लामकेर के पास अचानक सड़क पर कुत्ता आ गया, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना में एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बस्तर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने सड़क पर घूम रहे आवारा मवेशियों और कुत्तों के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग प्रशासन से की है।




