
नारायणपुर, 19 सितंबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत नारायणपुर के बालक हायर सेकेंडरी विद्यालय में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने विद्यार्थियों की चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया और भाषण प्रतियोगिता में शामिल बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
वन मंत्री कश्यप ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। देश के विकास की मजबूत नींव बच्चों और युवाओं से तैयार होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के साथ परिवार, समाज और देश की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में प्रतिभा और ऊर्जा की कमी नहीं है। उन्हें सही दिशा, मार्गदर्शन और प्रतिभा प्रदर्शन के अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है। ऐसे आयोजन बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ सामाजिक और राष्ट्रीय विषयों के प्रति उनकी जागरूकता भी बढ़ाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों के मार्गदर्शन में आगे बढ़ने, स्वच्छता अपनाने और नशे से दूर रहने की अपील की।
विद्यालय में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विकसित भारत, स्वच्छ भारत, नशामुक्त समाज, देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। मंत्री कश्यप ने विद्यार्थियों से उनके चित्रों के विषय और कल्पना के बारे में चर्चा कर उनकी रचनात्मकता की सराहना की।
भाषण प्रतियोगिता में डेविड नेताम ने ‘विकसित भारत’, विद्या सोनवानी ने ‘नशा मुक्ति’ और सूरज पोटाई ने ‘स्वच्छ भारत-सुंदर भारत’ विषय पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभाव, स्वच्छता और देश के विकास में युवाओं की भूमिका पर विचार व्यक्त किए।
मंत्री कश्यप ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवा पीढ़ी को अभी से जागरूक और जिम्मेदार बनना होगा। शिक्षा, अनुशासन, मेहनत, स्वच्छता, नशामुक्ति और आपसी एकता जैसे मूल्यों को अपनाकर युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




