छत्तीसगढ़जगदलपुर

बस्तर के भुवनेश्वर कश्यप ने चांशल की पहाड़ियों पर रचा इतिहास, 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

जगदलपुर, 27 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के एनएसएस कैडेट भुवनेश्वर कश्यप ने हिमाचल प्रदेश की चांशल पहाड़ियों में 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर अपने महाविद्यालय, बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने लगभग 6 किलोमीटर की कठिन पहाड़ी ट्रेकिंग पूरी कर अपने साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया।

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में स्थित रीजनल एडवेंचर स्पोर्ट्स सेंटर हटकोटी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत आयोजित 10 दिवसीय एडवेंचर कैंप में छत्तीसगढ़ के कैडेट विभिन्न साहसिक गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं। इसी दौरान शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जगदलपुर के कैडेट भुवनेश्वर कश्यप ने यह उपलब्धि हासिल की।

दुर्गम पहाड़ी रास्तों, कठिन चढ़ाई और चुनौतीपूर्ण प्राकृतिक परिस्थितियों के बीच भुवनेश्वर ने अपनी ट्रेकिंग पूरी की। इस दौरान उन्होंने चांशल की पहाड़ियों में राष्ट्रीय सेवा योजना का बैनर भी प्रदर्शित किया। हिमालय की विशाल पर्वत श्रृंखलाओं के बीच इतनी ऊंचाई तक पहुंचना उनके लिए यादगार अनुभव रहा।

एडवेंचर कैंप में कैडेटों को पर्वतीय ट्रेकिंग, वैली क्रॉसिंग, रस्सियों के सहारे पहाड़ी गतिविधियों सहित विभिन्न साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम वर्क, आत्मनिर्भरता और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास विकसित किया जा रहा है।

इस उपलब्धि में शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्री दुर्गेश देवांगन का मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा है।

भुवनेश्वर कश्यप की यह उपलब्धि बस्तर के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी है। उन्होंने साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, मेहनत और निरंतर प्रयास से कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar