रायपुर में दिनदहाड़े कारोबारी से लूट, कार का शीशा तोड़कर हमला, सोने की चेन लूटकर फरार हुए बदमाश

रायपुर, 20 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े लूट और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक कारोबारी पर हमला कर उसकी सोने की चेन लूट ली। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लालपुर ब्रिज के नीचे कुछ हमलावरों ने पहले कारोबारी की कार पर पत्थर मारकर पीछे का शीशा तोड़ दिया। जैसे ही कारोबारी कार से बाहर निकला, आरोपियों ने उस पर डंडे, सरिया और हथौड़े से हमला कर दिया।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे साथियों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। इस दौरान बदमाश कारोबारी की सोने की चेन लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर रायपुर पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।



