छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम, बस्तर के युवाओं को मिले उचित अवसर और प्रोत्साहन: सांसद महेश कश्यप

जगदलपुर,25 नवम्बर 2026

शहीद गुंडाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुम्हारवंड में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में बस्तर लोकसभा के सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से जीवन में अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। शिक्षा के साथ खेलों में सहभागिता विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि खेल हमें हार से सीखने और जीत के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देते हैं। बस्तर के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और मंच उपलब्ध कराने की, ताकि वे अपनी प्रतिभा के दम पर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

सांसद ने खेल प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय प्रबंधन एवं आयोजन समिति को बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, विद्यार्थी, आयोजन समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar