
¡झारउमर गांव में कार्यक्रम की अध्यक्षता, दशापाल व कोसमी में दशगात्र कार्यक्रम में दी श्रद्धांजलि, ग्रामीणों एवं भाजपा पदाधिकारियों से किया संवाद¡
बकावंड, 29 मई 2026, जनपद पंचायत बकावंड की अध्यक्षा सोनबारी भद्रे ने अपने क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर सामाजिक एवं जनहित कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत झारउमर गांव में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में अध्यक्षता करते हुए ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इसके पश्चात जनपद अध्यक्षा दशापाल एवं कोसमी पहुंचीं, जहां आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
ग्राम पंचायत कोसमी प्रवास के दौरान उनकी मुलाकात भाजपा मंडल अध्यक्ष पीताम्बर कश्यप से भी हुई। इस अवसर पर दोनों के बीच क्षेत्र के विकास, जनहित के मुद्दों तथा संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा हुई। साथ ही क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
दौरे के दौरान सोनबारी भद्रे ने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और जनभावनाओं से रूबरू हुईं। ग्रामीणों ने भी अपनी विभिन्न मांगों एवं आवश्यकताओं से उन्हें अवगत कराया।
जनपद पंचायत अध्यक्षा सोनबारी भद्रे का यह क्षेत्रीय दौरा जनसंपर्क, सामाजिक सहभागिता एवं जनसमस्याओं के निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और जनता की अपेक्षाओं को प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य किया जाएगा।




