छत्तीसगढ़दंतेवाड़ा

दंतेवाड़ा के बैलाडीला में भीषण भूस्खलन, तीन किलोमीटर तक बहा मलबा, एनएमडीसी का वेस्ट डंप और पहुंच मार्ग प्रभावित

दंतेवाड़ा/किरंदुल,21 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल स्थित बैलाडीला की पहाड़ियों में भूस्खलन की घटना सामने आई है। 18 नवंबर की रात पहाड़ियों के पीछे स्थित वन क्षेत्र में हुए भूस्खलन के बाद बजरी और भारी मात्रा में मलबा नाले के रास्ते करीब दो से तीन किलोमीटर तक बहकर समतल जमीन पर जमा हो गया। इस घटना से क्षेत्र में डर का माहौल है। मलबे की चपेट में आने से एनएमडीसी का वेस्ट डंप और लोहागांव पहुंच मार्ग प्रभावित हुआ है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

कलेक्टर और वन अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलने के बाद 19 नवंबर को दंतेवाड़ा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, वनमंडलाधिकारी और एनएमडीसी किरंदुल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मलबे के फैलाव, पहाड़ी की मौजूदा स्थिति और प्रभावित पहुंच मार्ग का जायजा लिया।

कलेक्टर ने बताया कि यह प्राकृतिक घटना है और इसमें किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।

एनएमडीसी ने खनन गतिविधियों से संबंध होने से किया इनकार

भूस्खलन की घटना को लेकर 20 नवंबर को एनएमडीसी ने आधिकारिक बयान जारी किया। कंपनी ने स्पष्ट किया कि किरंदुल क्षेत्र में हुई यह घटना बैलाडीला पहाड़ियों के पीछे स्थित वन क्षेत्र में प्राकृतिक कारणों से बजरी और मलबा खिसकने के चलते हुई है।

एनएमडीसी ने इस घटना का अपनी किसी भी खनन गतिविधि से संबंध होने से इनकार किया है। कंपनी के अनुसार, आसपास के गांवों में किसी की संपत्ति या अन्य प्रकार के नुकसान की भी कोई सूचना नहीं मिली है।

मलबा हटाने के लिए भारी मशीनें तैनात, विशेषज्ञ करेंगे जांच

घटनास्थल पर जमा बजरी और मलबे को हटाने के लिए एनएमडीसी ने भारी मशीनें तैनात कर दी हैं। इसके साथ ही जिला प्रशासन के समन्वय से विशेषज्ञों की एक टीम को घटनास्थल का निरीक्षण करने और भूस्खलन के कारणों का विस्तृत आकलन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विशेषज्ञों की टीम पहाड़ी की भौगोलिक स्थिति, मलबे के बहाव और अन्य तकनीकी पहलुओं का अध्ययन करेगी। इसके बाद अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

कंपनी प्रबंधन ने कहा है कि आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। फिलहाल विशेषज्ञों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पहाड़ी दरकने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

प्रशासन और एनएमडीसी की नजर पूरे घटनाक्रम पर

बैलाडीला की पहाड़ियों में हुए इस भूस्खलन के बाद जिला प्रशासन और एनएमडीसी की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मलबा हटाने का काम जारी है और विशेषज्ञों की जांच के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई तय की जाएगी। राहत की बात यह है कि घटना में किसी की जान नहीं गई, हालांकि वेस्ट डंप और पहुंच मार्ग प्रभावित होने से क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar