बस्तर की पारंपरिक कला को नई पहचान, मुख्यमंत्री साय के आग्रह पर 12 अबूझमाड़िया युवा सीख रहे काष्ठ शिल्प का हुनर

रायपुर,18 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ की जनजातीय कला और संस्कृति को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से अबूझमाड़ के 12 युवाओं को पारंपरिक काष्ठ शिल्प कला का प्रशिक्षण दिया गया है। पद्मश्री सम्मानित काष्ठ शिल्पकार पंडीराम मंडावी ने करीब एक महीने तक इन युवाओं को लकड़ी पर कलाकृतियां बनाने की बारीकियां सिखाईं।
नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में नारायणपुर के पद्मश्री सम्मानित पंडीराम मंडावी भी आमंत्रित अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनसे आत्मीय मुलाकात की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने काष्ठ शिल्प के प्रति उनके दशकों के समर्पण और इस पारंपरिक कला को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की।
15 साल की उम्र से शुरू किया था काष्ठ शिल्प का सफर
नारायणपुर निवासी पंडीराम मंडावी ने महज 15 वर्ष की उम्र में लकड़ी पर आकृतियां उकेरने की शुरुआत की थी। उन्होंने अपना पूरा जीवन इस पारंपरिक कला को समर्पित कर दिया। उनकी कलाकृतियों में बस्तर के जनजातीय जीवन, संस्कृति और परंपराओं की जीवंत झलक देखने को मिलती है। कला के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया है।
मुख्यमंत्री के आग्रह पर 12 अबूझमाड़िया युवाओं को दिया प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान पंडीराम मंडावी ने बताया कि अबूझमाड़ प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनसे क्षेत्र के युवाओं को काष्ठ शिल्प का प्रशिक्षण देने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री की इस पहल पर उन्होंने करीब एक महीने तक प्रशिक्षण देकर 12 अबूझमाड़िया युवाओं को पारंपरिक काष्ठ शिल्प की बारीकियां सिखाईं।
श्री मंडावी का मानना है कि कोई भी पारंपरिक कला तभी जीवंत रह सकती है, जब उसका ज्ञान और कौशल अगली पीढ़ी तक पहुंचे। स्थानीय युवाओं को इस कला से जोड़ने से न केवल उनकी प्रतिभा को नया मंच मिलेगा, बल्कि बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूती मिलेगी।
बस्तर के दूरस्थ गांवों तक पहुंचना हुआ आसान
पंडीराम मंडावी ने बस्तर के दूरस्थ इलाकों में सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि अब क्षेत्र में सड़क, अस्पताल और धान खरीदी जैसी सुविधाएं पहले की तुलना में अधिक सुलभ हुई हैं। गांवों तक बस सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि पहले दूरस्थ गांवों तक पहुंचने के लिए लोगों को लंबी दूरी साइकिल से तय करनी पड़ती थी, लेकिन अब बस सेवा शुरू होने से आवागमन काफी आसान हो गया है। सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीणों का जीवन बेहतर हो रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि विकास के साथ स्थानीय युवाओं को पारंपरिक कला और कौशल से जोड़ने के प्रयास उन्हें अपनी सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने और आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान कर रहे हैं।




