खरसिया गैंगरेप मामले ने पकड़ा तूल, पूर्व CM भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा, धान खरीदी और पेपर लीक पर भी उठाए सवाल

रायपुर,17 नवम्बर 2026
रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित बोतल्दा रॉक गार्डन में युवती से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “छोटा रिचार्ज से राज्य संभल नहीं रहा है, इसे बदल देना चाहिए।”
प्रेमी से मारपीट के बाद युवती से दुष्कर्म
जानकारी के मुताबिक, 14 नवंबर को युवती अपने प्रेमी के साथ खरसिया के बोतल्दा रॉक गार्डन घूमने गई थी। इसी दौरान दो युवकों ने युवती के प्रेमी के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। इसके बाद युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
धान खरीदी में शॉर्टेज पर श्वेत पत्र की मांग
भूपेश बघेल ने धान खरीदी केंद्रों में शॉर्टेज के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। साथ ही पिछले साल हुई धान खरीदी से जुड़ी पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी की गई है। बघेल के मुताबिक, इस मांग को लेकर चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन सरकार ने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है।
RI परीक्षा पेपर लीक पर CBI जांच की मांग
RI परीक्षा पेपर लीक मामले में सामने आए नए तथ्यों और गिरफ्तारियों को लेकर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में हुई परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। बघेल ने इन सभी मामलों की CBI जांच कराने की मांग की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह जीरो टॉलरेंस की सरकार है।
SIR को लेकर चुनाव आयोग पर निशाना
इंडिया गठबंधन की ओर से SIR के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर किए जाने को लेकर भी भूपेश बघेल ने निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आयोग से लगातार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी हठधर्मिता और अहंकार के कारण बातचीत नहीं हो सकी। अब आयोग को सुप्रीम कोर्ट में जवाब देना होगा।
बघेल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी समझा है कि यह संवैधानिक व्यवस्था से जुड़ा मामला है, लेकिन कई बातें अदालत से भी छिपाई गई हैं। इस तरह भूपेश बघेल ने गैंगरेप की घटना के साथ-साथ धान खरीदी, परीक्षा में गड़बड़ी और SIR के मुद्दे पर भी राज्य सरकार को घेरा।




