
बकावंड,25 सितंबर 2026
विकासखंड बकावंड के ग्राम मैलबेड़ा के जानी पारा में लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक गरीब आदिवासी परिवार का कच्चा मकान ढह गया। जानी पारा निवासी प्रकाश नेताम का मकान बीती रात करीब 3 बजे अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार घर के अंदर सो रहा था।
जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के कारण मकान की कच्ची दीवारें पानी में भीगकर कमजोर हो गई थीं। रात करीब 3 बजे दीवारों में अचानक दरार आई और देखते ही देखते पूरा मकान टीन शेड सहित जमीन पर आ गिरा। दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य किसी तरह बाहर निकले और अपनी जान बचाई।
हादसे में परिवार की रोजी-रोटी का सहारा बाइक भी मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, बिस्तर और टीवी की डिश सहित गृहस्थी का सामान भी मलबे में दब गया। सुबह की तस्वीरों में मकान का नामोनिशान तक नहीं बचा और चारों तरफ मलबा दिखाई दे रहा है।
मकान ढहने के बाद पीड़ित परिवार पड़ोसियों के सहारे रहने को मजबूर है। ग्रामीणों बुधराम नेताम, नरसिंग कश्यप, महेश नेताम, बंसी कश्यप, सोमारु नाग, दया राम, लखमू कश्यप, सरपंच जोगेंद्र भारती, पंच फगनी नेताम, पंच कमल कश्यप, मनेर सिंग कश्यप, कोटवार पीलूराम बघेल, पटेल जयसिंह बेसरा और उपसरपंच मनसिंग ने जिला प्रशासन और तहसीलदार करपावंड से तत्काल राजस्व टीम मैलबेड़ा भेजकर नुकसान का पंचनामा तैयार कराने और पीड़ित परिवार को मुआवजा एवं बाइक क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है।
वहीं, बस्तर जिला किसान संघ के अध्यक्ष नीलकुमार बघेल ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ हैं और प्रशासन से परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग करेंगे।




