
जगदलपुर,13 सितम्बर 2026
विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर बैलाडीला खदान क्षेत्र को एक बार फिर आमजन और पर्यटकों के लिए खोले जाने की तैयारी है। बस्तर सांसद महेश कश्यप की पहल पर इस संबंध में एनएमडीसी अधिकारियों से चर्चा हुई है। सांसद ने अपने दंतेवाड़ा-बचेली दौरे के दौरान बचेली स्थित एनएमडीसी का दौरा कर अधिकारियों से खदान क्षेत्र में प्रवेश और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
विश्वकर्मा पूजा के दिन आमजन एवं पर्यटकों को कैलाश नगर स्थित भोलेनाथ मंदिर के दर्शन, बैलाडीला की पहाड़ियों, प्राकृतिक सौंदर्य और विशाल खनन मशीनों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। खनन मशीनों के साथ सेल्फी लेना भी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।
बस्तर सांसद महेश कश्यप के दो दिवसीय दंतेवाड़ा जिले के दौरे के दौरान उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के संबंध में प्रेसवार्ता की। इसके अलावा जिला पंचायत सभागार में आयोजित मीडिया कार्यशाला में सहभागिता की और बचेली में संत रविदास की 650वीं जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए।
इसके बाद सांसद ने एनएमडीसी रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर स्थानीय विषयों पर चर्चा की। इसी दौरान एनएमडीसी अधिकारियों के साथ बैठक में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर बैलाडीला खदान क्षेत्र को आमजन के लिए खोले जाने सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
अधिकारियों ने संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। सांसद महेश कश्यप की पहल से विश्वकर्मा पूजा पर बैलाडीला एक बार फिर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है।




