KBC में छाया छत्तीसगढ़ का योगेश साहू, जीते 50 लाख; IAS बनने के लिए छोड़ी 1.5 लाख की नौकरी

बलौदाबाजार,20 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के 23 वर्षीय योगेश साहू ने लोकप्रिय टीवी क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) में शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 लाख रुपये जीत लिए हैं। योगेश ने 1 करोड़ रुपये के सवाल का सामना करने के बजाय गेम क्विट करने का फैसला लिया।
योगेश की सफलता की खास बात यह है कि वह IIT बॉम्बे के टॉपर रह चुके हैं और उन्होंने IIT में पहले ही प्रयास में प्रवेश हासिल किया था। इसके बाद कैंपस प्लेसमेंट में उन्हें 1.5 लाख रुपये प्रति माह की नौकरी मिली, लेकिन उन्होंने IAS अधिकारी बनने के अपने सपने को पूरा करने के लिए नौकरी छोड़ दी।
पिता हैं पूर्व राज्यपाल रमेश बैस के ड्राइवर
ग्राम टेहका के रहने वाले योगेश के पिता गयाराम साहू महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस के ड्राइवर हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद योगेश ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर पढ़ाई में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया।
योगेश ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। उनके पिता के अनुसार, योगेश ने UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा भी पहले प्रयास में पास कर ली है और फिलहाल मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।
सोशल मीडिया से रहते हैं दूर
IAS बनने के लक्ष्य पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करने के लिए योगेश मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखते हैं। उनका पूरा फोकस फिलहाल UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी पर है।
योगेश ने अपनी शुरुआती पढ़ाई बलौदाबाजार के जेसीज कॉन्वेंट और मयूर शिशु मंदिर से की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वह बिलासपुर गए, जहां कोचिंग सेंटर संचालक रोहन चावला ने उन्हें 11वीं और 12वीं की मुफ्त पढ़ाई कराई।
उनकी पढ़ाई में तत्कालीन कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने भी मदद की। IIT बॉम्बे में प्रवेश के दौरान मुख्यमंत्री और कलेक्टर की ओर से उन्हें आर्थिक सहायता भी मिली थी।
मुंबई से लौटने पर हुआ जोरदार स्वागत
KBC में 50 लाख रुपये जीतने के बाद मुंबई से लौटे योगेश का भाटापारा रेलवे स्टेशन पर सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। उनकी सफलता से परिवार के साथ-साथ गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
योगेश की कहानी मेहनत, संघर्ष और लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आई है। अब उनका अगला लक्ष्य IAS अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है।




