
कांकेर , 22/05/26 । छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड में पंचायत प्रतिनिधियों के सामूहिक इस्तीफे से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। विकास कार्यों के आवंटन में लगातार हो रही देरी और पंचायतों में काम पूरी तरह ठप पड़े होने से नाराज अंतागढ़ ब्लॉक की सभी 56 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर सामूहिक इस्तीफा सौंप दिया।
सरपंचों का आरोप है कि पिछले एक वर्ष से पंचायतों में किसी भी प्रकार के नए विकास कार्य स्वीकृत नहीं किए गए हैं। इसके कारण गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, भवन निर्माण और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई जरूरी काम अधूरे पड़े हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि वे लगातार प्रशासन से मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी समस्याओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
सरपंचों का कहना है कि गांवों के लोग विकास कार्य नहीं होने से बेहद नाराज हैं और जनप्रतिनिधियों से जवाब मांग रहे हैं। ऐसे में बिना अधिकार और संसाधनों के पंचायत चलाना मुश्किल हो गया है। इसी नाराजगी के चलते सभी सरपंचों ने एकजुट होकर सामूहिक इस्तीफा देने का फैसला लिया।
इस्तीफा सौंपने पहुंचे सरपंचों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और मांग की कि पंचायतों में लंबित विकास कार्यों को जल्द मंजूरी दी जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रुकी योजनाओं को तत्काल शुरू किया जाए ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
इस सामूहिक इस्तीफे की घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। अधिकारियों द्वारा पूरे मामले की समीक्षा की जा रही है। वहीं राजनीतिक गलियारों में भी इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।




