खेल

राहुल-पडिक्कल का जलवा, चौथे दिन लंच तक भारत की बढ़त 294 रन

स्पोर्ट्स डेस्क,18 अगस्त 2026

पडिक्कल और राहुल की 65 रन की साझेदारी

गाले। भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन लंच तक भारत ने दूसरी पारी में 4 विकेट पर 116 रन बना लिए। इस तरह टीम इंडिया की कुल बढ़त 294 रन हो गई है। देवदत्त पडिक्कल और केएल राहुल ने दूसरे विकेट के लिए 65 रन की अहम साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

पहली पारी में शानदार 167 रन का शतक लगाने वाले पडिक्कल ने दूसरी पारी में भी धैर्य दिखाया और 44 रन बनाए। वहीं केएल राहुल ने 35 रन की पारी खेली। हालांकि, श्रीलंका के स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने लगातार विकेट लेकर भारत पर दबाव बनाए रखा।

राहुल को मिला जीवनदान, फिर 35 रन पर हुए आउट

केएल राहुल को जयसूर्या की गेंद पर LBW दिया गया था। राहुल रिव्यू लेने को लेकर आश्वस्त नहीं थे, लेकिन पडिक्कल की सलाह पर उन्होंने DRS लिया। रिव्यू में सामने आया कि गेंद स्टंप्स के ऊपर से निकल रही थी और राहुल को जीवनदान मिल गया। हालांकि, कुछ देर बाद वह 35 रन पर आउट हो गए।

राहुल के आउट होने के बाद कप्तान शुभमन गिल क्रीज पर आए, लेकिन वह भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और 8 रन पर LBW आउट हो गए।

पंत ने दिखाया आक्रामक अंदाज

इसके बाद ऋषभ पंत ने मोर्चा संभाला। उन्होंने शुरुआत में समय लेने के बाद अपने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और एक चौका तथा छक्का लगाया। लंच तक पंत 21 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि ध्रुव जुरेल 5 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे।

लंच से ठीक पहले पडिक्कल भी 44 रन पर आउट हो गए। उन्हें जयसूर्या ने पवेलियन भेजा। इसके बाद जुरेल ने जयसूर्या के ओवर में चौका लगाकर भारत का स्कोर 116/4 तक पहुंचाया।

श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर सिमटी

भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए थे, जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम 284 रन पर ऑलआउट हो गई। इससे भारत को पहली पारी में 178 रन की बढ़त मिली थी। श्रीलंका की ओर से सोनल दिनुशा ने 100 और निरोशन डिकवेला ने 80 रन बनाए।

भारत की ओर से मानव सुथार ने 4 विकेट और रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट लेकर श्रीलंका को रोकने में अहम भूमिका निभाई।

दिनेश चांदिमल चोटिल, स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया

भारत की दूसरी पारी के दौरान श्रीलंका के स्टार बल्लेबाज दिनेश चांदिमल चोटिल हो गए। केएल राहुल के शॉट को रोकने की कोशिश में उनके गर्दन और कंधे में चोट लगी। उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया और एहतियात के तौर पर स्कैन के लिए अस्पताल भेजा गया।

लंच तक भारत के पास 294 रन की मजबूत बढ़त है और क्रीज पर ऋषभ पंत तथा ध्रुव जुरेल मौजूद हैं। ऐसे में टीम इंडिया की नजर अब बढ़त को और बड़ा करने पर होगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar