छत्तीसगढ़नई दिल्ली

NEET पेपर लीक मामले में 13 आरोपियों पर आज से आरोप तय करने की जिरह, कोर्ट ने लिया 20 हजार पन्नों की चार्जशीट पर संज्ञान

नई दिल्ली, 13 अगस्त 2026

NEET-UG पेपर लीक मामले में राउज एवेन्यू की विशेष अदालत ने CBI द्वारा दाखिल करीब 20 हजार पन्नों की चार्जशीट का संज्ञान लिया है। अदालत ने 13 आरोपियों के खिलाफ दाखिल अंतिम रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए कहा है कि आरोप तय करने को लेकर गुरुवार से जिरह शुरू की जाएगी।

विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता की अदालत ने सुनवाई के दौरान चार्जशीट के कुछ हिस्सों के मीडिया में प्रकाशित होने और कुछ नाबालिग गवाहों के नाम उजागर होने पर नाराजगी जताई।

चार्जशीट मीडिया में लीक होने पर कोर्ट नाराज

अदालत ने कहा कि यह चौंकाने वाली बात है कि चार्जशीट में शामिल ऐसे तथ्य, जिन्हें अभी अदालत में पेश नहीं किया गया था, वे मीडिया में प्रकाशित हो गए। कोर्ट ने जिम्मेदार मीडिया से ऐसे तथ्यों को प्रकाशित करने से बचने की बात कही।

CBI की ओर से अदालत को बताया गया कि नाबालिगों समेत कुछ आरोपियों और गवाहों से जुड़ी जानकारियां मीडिया में प्रकाशित की जा रही हैं। एजेंसी ने यह भी कहा कि चार्जशीट के कुछ हिस्से लगातार अखबारों में प्रकाशित हो रहे हैं।

इस पर बचाव पक्ष के वकील ने भी आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे आरोपियों के मामले पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। बचाव पक्ष ने कहा कि अदालत में चार्जशीट दाखिल होने से पहले ही उसकी प्रति मीडिया के पास पहुंच गई थी। कोर्ट ने कहा कि वह संबंधित समाचार रिपोर्ट की जांच करेगा और जरूरत पड़ने पर उचित कार्रवाई पर विचार करेगा।

20 हजार पन्नों की चार्जशीट में 13 आरोपी

CBI ने NEET-UG पेपर लीक मामले में 20,000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। इसमें 13 लोगों को आरोपी बनाया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार, तीन विषय विशेषज्ञों ने अलग-अलग तरीकों से दिल्ली स्थित National Testing Agency (NTA) कार्यालय से NEET परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक किए।

CBI ने अदालत को बताया कि आरोपी गोपनीय स्थान से बाहर निकलते समय तलाशी नहीं लिए जाने का फायदा उठाकर प्रश्नपत्र बाहर ले जाने में सफल रहे।

कई राज्यों से हुई गिरफ्तारियां

चार्जशीट के अनुसार, मामले में NTA के विषय विशेषज्ञ पीवी कुलकर्णी, मनीषा संजय हवलदार और मनीषा गुरुनाथ मंधारे को गिरफ्तार किया गया था।

इसके अलावा राजस्थान से मांगीलाल, दिनेश और विकास बिवाल, गुरुग्राम से यश यादव, नासिक से शुभम खैरनार तथा पुणे से धनंजय लोखंडे और मनीषा संजय वाघमारे को गिरफ्तार किए जाने का उल्लेख है।

अब अदालत में 13 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और गुरुवार से इस संबंध में पक्षों की दलीलें सुनी जाएंगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar