
जगदलपुर/कोंडागांव,10 अगस्त 2026
बस्तर संभाग में तेज रफ्तार भारी वाहनों का कहर लगातार जारी है। बीते दो हफ्तों में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कोंडागांव जिले में सोमवार को बस और ट्रक की भिड़ंत में 10 यात्री घायल हो गए। लगातार हो रहे हादसों से सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
27 जुलाई को बाड़ांजी थाना क्षेत्र के छापर भानपुरी में तेज रफ्तार टिप्पर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद 2 अगस्त को रायकोट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर टिप्पर ने स्कूटी सवार 16 वर्षीय किशोरी को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
वहीं 4 अगस्त को लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र के मांदर में तेज रफ्तार टिप्पर की चपेट में आने से 3 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। लगातार सामने आ रहे इन हादसों से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोग बेलगाम टिप्परों और भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इधर, कोंडागांव जिले में बस और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस सवार 10 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल फरसगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन में लगे तेज रफ्तार टिप्परों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण सड़क हादसों का खतरा बढ़ रहा है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि बेलगाम टिप्पर वाहनों पर जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।




