सांभर शिकार मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए

रायपुर, 9 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों के शिकार और तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। वन मंत्री श्री केदार कश्यप के सख्त निर्देशों के बाद मोहला वनमंडल के दक्षिण मानपुर क्षेत्र में सांभर शिकार के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
वनमंडलाधिकारी श्री दिनेश कुमार पटेल के अनुसार, 6 अगस्त की शाम वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम पंचायत बागडोगरी के रेंगाटोला गांव, तहसील औंधी में कुछ लोग सांभर का मांस पका रहे हैं। सूचना मिलते ही दक्षिण मानपुर के परिक्षेत्र अधिकारी और मानपुर के उपवनमंडलाधिकारी ने सर्च वारंट के साथ मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान वन विभाग की टीम ने पका हुआ मांस बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि खेत में फंसे सांभर के बच्चे को कुल्हाड़ी से मारकर उसकी हत्या की गई थी।
वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कृकाजूराम (पिता मसरूराम), रघुराम (पिता मनीराम) और राहुल (पिता सुकलु) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजीएम) न्यायालय, अंबागढ़ चौकी में पेश किया गया।
न्यायालय ने तीनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया, जिसके बाद उन्हें राजनांदगांव जेल भेज दिया गया।
वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा है कि वन्यजीव संरक्षण के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वन्यजीवों के शिकार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




