छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 214.300 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, 1.07 करोड़ का मादक पदार्थ जब्त

बस्तर, 5 जुलाई 2026

जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरनार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 214.300 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 7 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप (UP-52-T-2094) भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 04 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से उत्तर प्रदेश की ओर अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना पर धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास नाकाबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली गई।

वाहन रुकते ही उसमें सवार एक व्यक्ति बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया, जबकि चालक विजय पाण्डेय (34 वर्ष) निवासी गोरखपुर, उत्तर प्रदेश को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में फरार आरोपी की पहचान सोनू यादव के रूप में हुई है।

वाहन की तलाशी में 09 प्लास्टिक बोरियों में भरे 105 पैकेट मिले, जिनमें कुल 214.300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा एक सैमसंग मोबाइल, 700 रुपये नकद तथा महिंद्रा बोलेरो पिकअप भी जब्त की गई।

आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 100/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) ii(ग) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने की। कार्रवाई में उपनिरीक्षक सतीश यदुराज, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दीपक कुमार सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar