छत्तीसगढ़जगदलपुर

धार्मिक पोस्ट पर बवाल, VHP-बजरंग दल ने थाने में दिया आवेदन; FIR की मांग

जगदलपुर,9 अगस्त 2026

सोशल मीडिया पर भगवान शिव एवं हिंदू धार्मिक मान्यताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणी का मामला सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल जिला बस्तर ने शनिवार को थाना कोतवाली पहुंचकर शिकायत आवेदन सौंपा और संबंधित सोशल मीडिया सामग्री की जांच कर FIR दर्ज करने की मांग की।

संगठन का आरोप है कि “हंसराज गोयल (HANSRAJ GOYAL)” नामक फेसबुक प्रोफाइल से भगवान शिव के शिवलिंग सहित अन्य देवी-देवताओं और धार्मिक मान्यताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक पोस्ट की गई। शिकायत में “अरुण पन्नालाल” नामक यूजर द्वारा उक्त पोस्ट पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।

धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप

VHP और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आस्थाओं से जुड़े विषयों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां समाज की भावनाओं को आहत कर सकती हैं। संगठन ने आशंका जताई कि ऐसी सामग्री से सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।

संगठन ने पुलिस से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट और टिप्पणी की तकनीकी एवं तथ्यात्मक जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोष पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की लागू धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।

इन पदाधिकारियों ने सौंपा आवेदन

शिकायत सौंपने वालों में विहिप-बजरंग दल जिला अध्यक्ष शंकर लाल गुप्ता, जिला मंत्री नवीन देवांगन, जिला कोषाध्यक्ष सुरेंद्र तिवारी, बजरंग दल जिला संयोजक विष्णु ठाकुर, जिला सह मंत्री घनश्याम नाग, नगर अध्यक्ष प्रतीक गुरु, नगर सह मंत्री भवानी सिंह चौहान, नगर समरसता प्रमुख सुदेश बघेल और नगर सत्संग प्रमुख सुंदर कश्यप सहित सूरज पटनायक, अनिल राजपूत, सौरभ साहनी, हर्षित मंडावी, रवि वर्मा एवं शिवा मौजूद रहे।

संगठन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की निष्पक्ष जांच की जाए और जांच में आरोप सही पाए जाने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। VHP और बजरंग दल का कहना है कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में समय पर कार्रवाई से सामाजिक वातावरण प्रभावित होने से रोका जा सकता है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar