बस्तर के पर्यटन विकास को नई उड़ान देने की पहल, सांसद महेश कश्यप ने केंद्रीय मंत्री से की मुलाकात

जगदलपुर, 31 जुलाई 2026
बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर बस्तर के समग्र एवं सतत पर्यटन विकास के लिए विशेष पर्यटन विकास कार्ययोजना तैयार कर स्वीकृत करने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं की सराहना करने पर केंद्रीय मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर अपनी जनजातीय संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों, भव्य जलप्रपातों, गुफाओं, राष्ट्रीय उद्यानों और धार्मिक स्थलों के कारण देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र है। उन्होंने कहा कि यदि इन स्थलों का आधुनिक और सुनियोजित तरीके से विकास किया जाए तो बस्तर देश के अग्रणी पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बना सकता है।
उन्होंने चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, कुटुमसर गुफा, कैलाश गुफा, अभ्यारण्यों और प्राचीन मंदिरों सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों के विश्वस्तरीय विकास, बेहतर सड़क संपर्क, आधुनिक पर्यटक सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विस्तार की मांग की।
सांसद ने ग्रामीण पर्यटन सर्किट, होमस्टे, इको टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म और वाइल्ड लाइफ टूरिज्म को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।
अपने प्रस्ताव में सांसद महेश कश्यप ने बस्तर दशहरा, बस्तर पंडुम और अन्य सांस्कृतिक आयोजनों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन ब्रांड के रूप में विकसित करने, डिजिटल प्रचार-प्रसार अभियान चलाने, पर्यटन निवेश आकर्षित करने तथा विजन इंडिया 2047 और पर्यटन मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं के तहत बस्तर के लिए विशेष वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया।
सांसद महेश कश्यप ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से बस्तर पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और बस्तर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।




