छत्तीसगढ़जगदलपुर

नारायणपुर से बीजापुर के करेगुटालू तक निकली तिरंगा यात्रा, हलामी मुंजमेटा में शहीदों को दी श्रद्धांजलि

जगदलपुर, 12 अगस्त 2026

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, शांति और विकास का संदेश लेकर नारायणपुर से बीजापुर के करेगुटालू तक निर्धारित ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ बुधवार को हलामी मुंजमेटा पहुंची। रैली में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और वन मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्री केदार कश्यप शामिल हुए। इस दौरान सभी ने ‘भारत माता की जय’ के जयकारे लगाते हुए यात्रा को आगे बढ़ाया।

हलामी मुंजमेटा पहुंचने पर तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने नक्सल हिंसा में शहीद जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान नक्सली हमले में शहीद हुए स्वर्गीय बलिराम पोटाई, स्वर्गीय संतोष श्रीमाली, स्वर्गीय सोमारू राम वट्टी और स्वर्गीय अब्दुल वाहिद खान को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शहीद जवानों की शहादत और बलिदान को याद करते हुए उनके साहस और समर्पण को नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि देश की सुरक्षा और शांति के लिए जवानों ने जिस साहस के साथ सर्वोच्च बलिदान दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ के तहत पौधारोपण

इस अवसर पर ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। शहीदों की स्मृति में वट वृक्ष, आंवला, आम और काजू के पौधे लगाए गए। पौधों को शहीदों के बलिदान और देश के प्रति उनके समर्पण की जीवंत स्मृति के रूप में संरक्षित करने का संकल्प लिया गया।

यह पहल शहीदों की वीरगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति को जोड़ने का संदेश देती है।

अब गांवों में विकास और शांति का वातावरण : विजय शर्मा

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में मिली सफलता पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अब गांवों में मेहमानों के आने पर कोई रोक-टोक नहीं होगी, मेला-मड़ई आयोजित करने से कोई नहीं रोकेगा और लोगों को परेशान करने या उनके घरों को लूटने वाली ताकतें नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा लिखे भारत के संविधान में सभी को आगे लेकर चलने की ताकत है। अब संविधान को लागू होने से रोकने वाला कोई नहीं है।

श्री शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर खुशी मनाने के लिए केवल बाइक रैली में शामिल होना जरूरी नहीं है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप हर घर में तिरंगा लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब किसी को अपने घर में तिरंगा लगाने से रोकने वाला कोई नहीं है।

शहीद संग्रहालय में रखी जाएगी गांव की पवित्र मिट्टी

रैली में शामिल लोगों ने अमर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि और जयघोष किया। इस दौरान गांव के सरपंच ने शहीदों की स्मृति में गांव की पवित्र मिट्टी प्रदान की। इस मिट्टी को भविष्य में शहीद संग्रहालय में रखा जाएगा।

रैली में लघु वनोपज संघ अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, अन्य जनप्रतिनिधि, कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर सुश्री नम्रता जैन, एसपी श्री संदीप कुमार पटेल सहित बड़ी संख्या में युवा और नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar