84+44 बच्चों पर सिर्फ एक शिक्षक: बकावंड के तारेका स्कूल में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, बोले– जल्द नियुक्ति नहीं हुई तो स्कूल में जड़ेंगे ताला

जगदलपुर/बकावंड। बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तारेका में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। सोमवार को सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण प्राथमिक शाला परिसर पहुंचे और शिक्षा विभाग से तत्काल अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि प्राथमिक शाला में 84 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि माध्यमिक शाला में 44 छात्र-छात्राएं हैं। दोनों विद्यालयों की पढ़ाई की जिम्मेदारी सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे चल रही है। ऐसे में बच्चों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है, जिससे अभिभावकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक की मांग को लेकर करीब एक वर्ष पहले जिला कलेक्टर और शिक्षा विभाग को लिखित आवेदन भी सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। कई बार मांग उठाने के बावजूद अतिरिक्त शिक्षक की नियुक्ति नहीं होने से गांव के लोगों में रोष है।
सरपंच और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे स्कूल में ताला लगाकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि तारेका के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में छात्र संख्या के अनुसार पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति कर शिक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।



