छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान के हीरो सुंदरराज पी का सम्मान, NIA में आईजी बनने पर बोले— मैं फिर आऊंगा बस्तर

जगदलपुर, 29 जून । कलरव म्यूजिकल ग्रुप द्वारा बस्तर आईजी सुंदरराज पी का शौर्य भवन में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल (आईजी) पद पर नियुक्त होने पर उन्हें बधाई भी दी गई।

कार्यक्रम में आर.डी. नाइट का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रुप के कलाकारों ने आर.डी. बर्मन के सदाबहार गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर श्रोताओं का मन मोह लिया। बस्तर एसपी सलभ कुमार सिन्हा ने “वो हंसिनी” और “कुछ ना कहो” गीत गाकर समां बांध दिया। वहीं अभिजीत सिंह भदोरिया और दिलबाग सिंह ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

स्थानीय कलाकारों में अफजल अली, रेशमा अली, एल.पी. सोनी, आशा सोनी, सत्यजीत भट्टाचार्य, शैलेश जारी, रणजीत गौतम, दीपक वाधवानी, संग्राम सिंह राणा, महेश सिंह ठाकुर, माही श्रीवास्तव और गौरी दत्ता सहित कई कलाकारों ने प्रस्तुति देकर आर.डी. बर्मन को संगीतमय श्रद्धांजलि दी। भिलाई के डॉल्फिन म्यूजिशियन ग्रुप ने भी अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

सुंदरराज पी का सम्मान महेंद्र महापात्र, एल.पी. सोनी, आशा सोनी, रेशमा अली, सलभ कुमार सिन्हा, संग्राम सिंह राणा और अफजल अली ने किया।

NIA में आईजी बनने पर दी बधाई

2003 बैच के आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी को प्रतिनियुक्ति के आधार पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल नियुक्त किया गया है। बस्तर में नक्सल विरोधी अभियानों में उनकी भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। उनके कार्यकाल में नक्सली घटनाओं में कमी और प्रशासन की मजबूत पकड़ को बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जाता है।

“मैं फिर आऊंगा बस्तर” – सुंदरराज पी

अपने संबोधन में सुंदरराज पी ने बस्तर में 14 वर्षों के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का बेहद सकारात्मक और यादगार दौर रहा। उन्होंने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ कई बड़े अभियान चलाए गए और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया, जिससे नक्सली गतिविधियों पर काफी हद तक लगाम लगी।

उन्होंने इस सफलता का श्रेय देश के प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, सहयोगी कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और बस्तर की जनता को दिया। उन्होंने कहा कि “मैं फिर आऊंगा बस्तर” और कलरव म्यूजिकल ग्रुप की सांस्कृतिक भूमिका की भी सराहना की।

एसपी सलभ कुमार सिन्हा ने भी सुंदरराज पी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें बेहद विनम्र और प्रेरणादायी अधिकारी बताया।

कार्यक्रम संयोजक संग्राम सिंह राणा ने कहा कि बस्तर से नक्सल उन्मूलन में सुंदरराज पी का योगदान ऐतिहासिक रहा है।

कार्यक्रम का संचालन अफजल अली ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संग्राम सिंह राणा ने किया। कार्यक्रम में समाजसेवी, प्रशासनिक अधिकारी, कलाकार और सैकड़ों कला प्रेमी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar