
कांकेर,12 सितंबर 2026
कांकेर जिले के अंतागढ़ ब्लॉक के ग्राम बाबू कोहका में देर रात एक जंगली भालू के गांव में घुसने से दहशत फैल गई। भालू ने महिला कोसल्या जूरी के घर के किचन का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे तेल, शक्कर, सब्जी समेत अन्य खाद्य सामग्री को खा लिया।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11 से 12 बजे के बीच की है। भालू किचन की महक से आकर्षित होकर घर तक पहुंचा और कमजोर दरवाजे को पंजों से तोड़कर अंदर घुस गया। घर के अंदर आवाज सुनकर परिजन जाग गए और शोर मचाया।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे और टॉर्च लेकर मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने भालू को गांव से खदेड़ दिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन अमले ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत देते हुए रात में अकेले बाहर नहीं निकलने, घरों के दरवाजे मजबूत रखने और खाद्य सामग्री खुले में नहीं रखने की अपील की है।
ग्रामीणों के मुताबिक जंगल से सटे होने के कारण यहां अक्सर जंगली जानवर गांव की ओर आ जाते हैं। हाल के दिनों में भालू की आवाजाही बढ़ने से ग्रामीणों में चिंता है। उन्होंने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
जंगल में भोजन की कमी होने पर भालू अक्सर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं। तेल, गुड़ और शक्कर जैसी खाद्य सामग्री की गंध भी उन्हें घरों की ओर आकर्षित कर सकती है।




