छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

सहकारिता के क्षेत्र में नारायणपुर को बड़ी सौगात, मंत्री केदार कश्यप ने किया बैंक शाखा का लोकार्पण

नारायणपुर, 16 जून 2026। प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने मंगलवार को नारायणपुर जिले को सहकारिता के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नवीन शाखा भवन का लोकार्पण किया। लगभग 36 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस आधुनिक बैंक भवन के शुरू होने से किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण हितग्राहियों को बैंकिंग एवं कृषि ऋण संबंधी सुविधाएं अधिक सुगमता से उपलब्ध होंगी।

लोकार्पण समारोह में मंत्री केदार कश्यप ने नवीन भवन का शुभारंभ करते हुए कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार सहकारिता व्यवस्था को सुदृढ़ कर ग्रामीण क्षेत्रों तक वित्तीय सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि नई शाखा के संचालन से किसानों को कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन तथा स्वरोजगार संबंधी ऋण योजनाओं का लाभ सरल और पारदर्शी तरीके से मिल सकेगा। साथ ही ग्रामीणों को बैंकिंग कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।

मंत्री कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और सहकारिता आंदोलन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उन्होंने बैंक परिसर में नोडल कार्यालय भवन, बैठक हॉल में शेड निर्माण एवं शौचालय निर्माण की घोषणा भी की।

कार्यक्रम के दौरान 15 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड एवं उन्नत बीजों का वितरण किया गया। पूर्व सांसद एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप तथा उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

बैंक अधिकारियों ने बताया कि नवीन शाखा में डिजिटल बैंकिंग सेवाएं, सुव्यवस्थित काउंटर और पारदर्शी लेन-देन प्रणाली जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे ग्राहकों को तेज, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएं प्राप्त होंगी।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघुवनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar