छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

बस्तर जनपद पंचायत में जनरेटर महीनों से बंद, बिजली जाते ही ठप हो रहे काम; प्रमाणपत्र के लिए भटक रहे ग्रामीण

बस्तर, 10 जून 2026

तेज गर्मी और उमस के बीच जनपद पंचायत बस्तर में बिजली कटौती से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री आवास, वृद्धा पेंशन, मनरेगा जॉब कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र समेत विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए रोजाना सैकड़ों ग्रामीण कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन बिजली गुल होते ही पूरा कामकाज प्रभावित हो जाता है।

जानकारी के अनुसार, कार्यालय परिसर में लगा सरकारी जनरेटर पिछले कई महीनों से खराब पड़ा हुआ है। ऐसे में बिजली जाने पर कंप्यूटर और प्रिंटर बंद हो जाते हैं। कार्यालय में मौजूद केवल दो इन्वर्टर के सहारे सीमित सिस्टम ही कुछ समय तक चल पाते हैं, जिससे अधिकांश काम ठप हो जाता है।

दूर-दराज के गांवों से आने वाले बुजुर्ग, महिलाएं और अन्य ग्रामीण घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। कई लोगों ने बताया कि एक प्रमाणपत्र बनवाने के लिए उन्हें कई बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन बिजली की समस्या के कारण उनका काम पूरा नहीं हो पा रहा है।

गर्मी और उमस के बीच पंखे व कूलर बंद होने से कार्यालय में मौजूद लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। इस स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

इस संबंध में जनपद पंचायत बस्तर के सीईओ भानुप्रताप चुरेंद्र ने बताया कि कार्यालय का जनरेटर खराब है और उसकी मरम्मत के लिए मेकेनिक नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेकेनिक उपलब्ध होते ही जनरेटर को ठीक कराकर जल्द चालू कराया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar